भोपाल । भारतीय जनता पार्टी का स्थापना दिवस शनिवार को पूरे प्रदेश में उल्लासपूर्वक मनाया गया। मुख्य कार्यक्रम राजधानी भोपाल स्थित पार्टी के प्रदेश कार्यालय में हुआ, जहां मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा एवं पार्टी पदाधिकारियों ने पार्टी का ध्वज फहराया। इसके अलावा प्रदेश के सभी 64523 बूथों पर कार्यक्रम हुए। इस दौरान हर बूथ पर भारत माता, पं. दीनदयाल उपाध्याय, डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी के चित्रों पर माल्यार्पण कर पार्टी का ध्वज फहराया गया। प्रवासी कार्यकर्ताओं ने भारतीय जनता पार्टी के गौरवशाली अतीत, विस्तार और प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में डबल इंजन की सरकार द्वारा किए गए विकास कार्यों और गरीब कल्याण की योजनाओं में बारे में विस्तार से चर्चा की। प्रत्येक बूथ पर 370 वोट बढाने और बूथ विजय पर चर्चा कर माइक्रो डोनेशन, सदस्यता अभियान और लाभार्थी संपर्क किया। इसके अलावा बूथों पर आयोजित कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में अन्य दलों के कार्यकर्ता व नागरिकों ने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भोपाल के ईदगाह हिल्स, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा सूरजनगर, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री श्री अजय जामवाल कोलूखेडी, लोकसभा चुनाव के प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह रॉयल विलास कालोनी मिसरोद, प्रदेश संगठन महामंत्री श्री हितानंद जी छिंदवाडा, प्रदेश शासन के मंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय एवं श्री राकेश सिंह जबलपुर, श्री प्रहलाद पटेल सिंगरौली में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ स्थापना दिवस कार्यक्रम में शामिल हुए। 
भाजपा एक मात्र पार्टी, जो कार्यकर्ता को मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री तक बनाती हैः डॉ. मोहन यादव
प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पार्टी के स्थापना दिवस पर राजधानी के गुरूनानक मंडल के वार्ड क्र. 10 के बूथ क्र. 46 पर ध्वजारोहण किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बूथ एवं पन्ना समिति की बैठक को संबोधित कर कार्यकर्ताओं को बूथ पर 370 वोट बढाने का संकल्प दिलाया। उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते कहा कि आज हम पार्टी का स्थापना दिवस मना रहे हैं और हितग्राही संपर्क अभियान के तहत मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष से लेकर एक-एक कार्यकर्ता बूथ पर पहुंचकर हितग्राहियों से संपर्क कर नए सदस्यों को जोड़ रहे है। उन्होंने कहा कि भाजपा केवल एक मात्र पार्टी है, जो बूथ के कार्यकर्ताओं को सम्मान देते हुए मुख्यमंत्री, प्रधानमंत्री तक बनाती है। पार्टी कार्यकर्ता राष्ट्र निष्ठा, समता निष्ठा, लोकतंत्र निष्ठा, सर्वधर्म सद्भाव, मूल्य आधारित राजनीति समेत पांच बातों का पालन करते हुए देश को विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में काम कर रहे हैं। आज बूथ स्तर पर नए सदस्यों को जोड़ने का अभियान चलाया गया, जिसके तहत कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की है। उन्होंने कहा कि कई मित्र कह रहे हैं कि भाजपा के अंदर इतने लोग आ जाएंगे तो भाजपा वालों का क्या होगा? मैं उनसे कहना चाहता हूं कि भाजपा में शामिल होने वाले लोगों को दूध में शक्कर की तरह मिला लेंगे, जब मिलेंगे तो दूध का आनंद और बढ़ेगा। हमारे साथ लोग जुड़े, इसलिए भाजपा विश्व की सबसे बड़ी पार्टी बनी, जिनको अच्छा काम करना है, वो हमारे साथ जुड़ेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि जैसे नदी में हम अगर बांध बना लें तो कई खेत सिंचित होते हैं और कई घरों को पीने का पानी मिलता है। समझदारी इसमें है कि समय के साथ हमें उसका उपयोग करना आना चाहिए। जैसे बॉर्डर पर जवान देश की रक्षा कर रहा है, वैसे भाजपा के कार्यकर्ता पार्टी की रक्षा करते-करते भारत माता की सेवा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लगातार देश के अंदर लोगों को गुमराह कर रही है, जिसे लोकसभा चुनाव में बूथ पर सबक सिखाकर 400 पार के संकल्प को पूरा करना है। इस अवसर पर पार्टी प्रत्याशी श्री आलोक शर्मा, प्रदेश मंत्री श्री राहुल कोठारी, जिलाध्यक्ष श्री सुमित पचौरी, मंडल अध्यक्ष श्री राकेश कुकरेजा उपस्थित रहे। 
बूथ पर 370 नए वोट बढ़ाने का संकल्प लेकर डॉ. मुखर्जी को समर्पित करेंगेः श्री विष्णुदत्त शर्मा
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा ने भदभदा रोड स्थित सूरजनगर के बूथ क्र. 7 पर पहुंचकर भाजपा का ध्वज फहराया। प्रदेश अध्यक्ष ने लोगों के घरों और प्रतिष्ठानों पर फिर एक बार मोदी सरकार के स्टीकर चस्पा कर लाभार्थियों से भेंट की। सदस्यता अभियान के दौरान मध्यप्रदेश शिक्षक कांग्रेस के प्रांताध्यक्ष श्री सुभाष सक्सेना, बॉडी बिल्डर श्री अंकित गौर, श्री विनोद मालवीय, श्री आकाश गौर सहित 6 लोगों ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। 
प्रदेश अध्यक्ष श्री शर्मा ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि स्थापना दिवस पर प्रदेश के 64523 बूथों पर सदस्यता अभियान, माइक्रो डोनेशन, आजीवन सहयोग निधि का अभियान चलाया गया। साथ ही प्रत्येक बूथ और कार्यकर्ता के घर पहुंचकर पार्टी का झंडा लगाया गया। वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का सम्मान भी किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने देश से गुलामी के सभी प्रतीकों को समाप्त कर दिया है। उनके नेतृत्व में लागू की जा रही गरीब कल्याण की योजनाओं के साथ-साथ सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबके प्रयास से संकल्प सिद्ध हो रहा है। आज शिक्षक कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष सहित बड़ी संख्या में खेलो इंडिया के खिलाड़ी और नौजवान साथियों ने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री शर्मा ने कहा कि इस बूथ पर पहले सर्वाधिक 223 वोट मिले हैं। आने वाले चुनाव में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में 370 नए वोट बढ़ाने का संकल्प लेकर डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी को समर्पित करेंगे। इस अवसर पर प्रदेश महामंत्री व विधायक श्री भगवानदास सबनानी, बूथ अध्यक्ष श्री बृजेश सरवैया, मंडल अध्यक्ष श्री पारस नरवरिया, बीएलओ श्री कमलेश बडगैया उपस्थित रहे। 
370 नए मतदाता जोड़कर हर बूथ पर कमल खिलाना हैः श्री अजय जामवाल
भाजपा के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री श्री अजय जामवाल पार्टी के स्थापना दिवस पर राजधानी के कोलूखेड़ी स्थित बूथ पहुंचे और पार्टी का ध्वज फहराया। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की मजबूती बूथ से है। बूथ का हमारा कार्यकर्ता हर परिस्थिति में प्रहरी के रूप में खड़ा रहता है। लोकसभा चुनाव में एक बार फिर अपनी ताकत दिखानी है और हर बूथ पर 370 नए मतदाताओं को जोड़कर भारतीय जनता पार्टी का कमल का फूल खिलाना है। उन्होंने कहा कि बूथ जीता देश जीता और प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के 400 पार का संकल्प पूरा होगा, इसी ध्येय के साथ आप सभी कार्यकर्ताओं को चुनाव में कार्य करना है। इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष श्री राहुल राजपूत, मंडल अध्यक्ष श्री कमल विरानी, बूथ अध्यक्ष श्री जितेन्द्र मेहर उपस्थित रहे। 
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी दुनिया के सबसे लोकप्रिय नेता हैः डॉ. महेन्द्र सिंह
लोकसभा चुनाव के प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह पार्टी के स्थापना दिवस पर मिसरोद की रॉयल विलास कॉलोनी स्थित बूथ पर पहुंचे और महापुरुषों के चित्रों पर माल्यार्पण कर पार्टी का ध्वज फहराया। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि जिस पार्टी के हम कार्यकर्ता हैं उस पार्टी के सबसे लोकप्रिय नेता प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी है, जिनकी पूरी दुनिया में चर्चा होती है। हम सौभाग्यशाली हैं कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी आज देश  का नेतृत्व कर रहे हैं एवं भारत विकसित देशों की श्रेणी में शामिल होने की ओर अग्रसर है। हम जिस देश में रहते हैं वहां के स्वामी विवेकानंद जी ने दुनिया को संदेश दिया था, हम जिस देश में रहते हैं वहां पर नालंदा जैसे विश्वविद्यालय रहे हैं और सरदार वल्लभभाई पटेल की सबसे बड़ी प्रतिमा स्थापित है। हम जिस देश में रहते हैं वहां दुनिया का सबसे प्राचीनतम धर्म हिन्दू है। हम जिस देश में रहते हैं उस देश के सबसे लोकप्रिय नेता प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी हैं, जो दुनिया का नेतृत्व कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज हमें हर बूथ पर 370 वोट बढ़ाने का संकल्प लेकर कार्य करना है। इस अवसर पर प्रदेश शासन की मंत्री श्रीमती कृष्णा गौर, श्री प्रदीप त्रिपाठी आदि उपस्थित रहे। 
बूथ को मजबूत बनाकर लक्ष्य प्राप्ति में जुट जाएं कार्यकर्ताः हितानंद जी
भाजपा संगठन महामंत्री श्री हितानंद जी ने पार्टी के स्थापना दिवस पर छिंदवाडा के जिला कार्यालय एवं नगर मंडल-2, वार्ड क्रमांक 03 स्थित बूथ क्रमांक 64 पर पहुंचे। उन्होंने पार्टी का ध्वज फहराया एवं महापुरुषों के चित्रों पर माल्यार्पण किया। श्री हितानंद जी ने वार्ड क्रमांक 3 के निवासी श्री पाल के निवास पर भाजपा का झंडा लगाया गया। वहीं क्षेत्र के लाभार्थियों से चर्चा उपरांत घर-घर जनसम्पर्क कर लोकसभा चुनावों में कमल के फूल की बटन दबाकर प्रधानमंत्री मोदी जी को छिंदवाड़ा से एक विजयी कमल भेंट करने का आह्वान किया गया। उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने हर बूथ पर 370 वोट बढ़ाने का आह्वान किया है। सभी काय्रकर्ता बूथों को सक्रिय और मजबूत बनाते हुए इस लक्ष्य की प्राप्ति में जुट जाएं। इस अवसर पर पार्टी प्रत्याशी श्री विवेक बंटी साहू, कार्यवाहक जिलाध्यक्ष श्री शेषराव यादव, लोकसभा प्रभारी श्री नरेश दिवाकर, प्रदेश प्रवक्ता श्री अजय धवले उपस्थित रहे।
प्रदेश शासन के मंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय ने जबलपुर में वार्ड क्रमांक 57 के बूथ नंबर 20 पर पार्टी के परिवार एवं स्वजनों से संवाद करते हुए कहा कि सुशासन तथा अंत्योदय को समर्पित भाजपा आज यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के मार्गदर्शन एवं नेतृत्व में देश को विकास के पथ पर निरंतर आगे लेकर जा रही है।
प्रदेश शासन के मंत्री श्री राकेश सिंह ने जबलपुर के पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत नर्मदा मण्डल, बूथ क्रमांक 114 पर बूथ कार्यकर्ताओं के साथ डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पं. श्री दीनदयाल उपाध्याय जी व भारत माता के चित्रों पर माल्यार्पण किया।
प्रदेश शासन के मंत्री श्री प्रहलाद सिंह पटेल ने स्थापना दिवस पर सिंगरौली जिले के बैढ़न मंडल के वार्ड क्र. 40 के मतदान केंद्र 250 पर पार्टी का झंडा लगाया और कार्यकर्ताओं को प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी एवं प्रदेश सरकार के विकास कार्यों एवं भाजपा की रीति नीति से अवगत कराया।